पंजाब पुलिस के पूर्व आईजी अमर सिंह चहल ने खुद को मारी गोली, हालत नाजुक

पटियाला में पंजाब पुलिस के पूर्व आईजी अमर सिंह चहल ने कथित तौर पर खुद को गोली मार ली। उन्हें गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से सुसाइड नोट मिलने की बात सामने आई है और मामला करोड़ों की साइबर ठगी से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पंजाब पुलिस के पूर्व आईजी अमर सिंह चहल ने खुद को मारी गोली, हालत नाजुक
पंजाब पुलिस के पूर्व आईजी अमर सिंह चहल

पंजाब पुलिस के पूर्व इंस्पेक्टर जनरल (आईजी) अमर सिंह चहल ने पटियाला में कथित तौर पर खुद को गोली मार ली। घटना के बाद उन्हें तुरंत पटियाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना से पुलिस और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

एसपी सिटी पलविंदर सिंह चीमा ने बताया कि मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। फिलहाल इसकी जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार, पूर्व आईजी को छाती में गोली लगी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि उन्होंने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।

सूत्रों के मुताबिक यह मामला करोड़ों रुपये की साइबर ठगी से जुड़ा हो सकता है, हालांकि अभी तक पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि अमर सिंह चहल वर्ष 2015 के फरीदकोट फायरिंग मामले में भी आरोपियों में शामिल रहे हैं। 24 फरवरी 2023 को पंजाब पुलिस की एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने फरीदकोट की अदालत में इस मामले में चार्जशीट दाखिल की थी। इस एसआईटी का नेतृत्व एडीजीपी एल.के. यादव कर रहे थे।

चार्जशीट में कई राजनीतिक नेताओं और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नाम शामिल थे। इनमें तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, उनके पुत्र एवं पूर्व गृह मंत्री सुखबीर सिंह बादल, पूर्व डीजीपी सुमेध सिंह सैनी, आईजी परमराज सिंह उमरानंगल, पूर्व डीआईजी अमर सिंह चहल, पूर्व एसएसपी सुखमिंदर सिंह मान और एसएसपी चरनजीत सिंह शर्मा को नामजद किया गया था।

फिलहाल पुलिस पूर्व आईजी की हालत पर नजर बनाए हुए है और मामले से जुड़े सभी तथ्यों की गहन जांच कर रही है।