थाईलैंड–कंबोडिया संघर्ष सुलझाने के लिए आगे आए आसियान देश
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच जारी सीमा संघर्ष को सुलझाने के लिए आसियान देशों ने पहल की है। मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आसियान देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक हो रही है, जिसमें संघर्षविराम बहाल करने और हिंसा रोकने पर चर्चा होगी। हाल ही में संघर्षविराम टूटने के बाद दोनों देशों के बीच भारी सैन्य कार्रवाई हुई है, जिसमें कई लोगों की मौत और लाखों के विस्थापित होने की खबर है।
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच जारी संघर्ष को समाप्त करने के प्रयास तेज हो गए हैं। इस विवाद को सुलझाने के लिए अब आसियान (ASEAN) देशों ने पहल की है। सोमवार को मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आसियान देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक होने जा रही है, जिसमें थाईलैंड–कंबोडिया संघर्ष पर विशेष रूप से चर्चा की जाएगी। उल्लेखनीय है कि यह दूसरी बार है जब आसियान संगठन अपने सदस्य देशों के बीच उत्पन्न विवाद को सुलझाने के लिए एक साझा मंच पर जुट रहा है।
ट्रंप की मध्यस्थता से हुआ संघर्षविराम टूटा
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच लंबे समय से सीमा विवाद चला आ रहा है। इसी विवाद के चलते जुलाई में दोनों देशों के बीच सैन्य झड़पें शुरू हुई थीं। उस समय अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता से दोनों देशों के बीच संघर्षविराम कराया गया था, जिसे मलेशिया में हुए आसियान सम्मेलन के दौरान औपचारिक रूप से स्वीकार किया गया। हालांकि, करीब दो सप्ताह पहले यह संघर्षविराम टूट गया और दोनों पक्षों के बीच फिर से हमले शुरू हो गए।
विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने की पुष्टि
अमेरिकी विदेश विभाग ने रविवार को जारी बयान में थाईलैंड और कंबोडिया से शत्रुता समाप्त करने, भारी हथियार हटाने, बारूदी सुरंगों की बिछावट रोकने और कुआलालंपुर शांति समझौते को पूरी तरह लागू करने की अपील की। थाईलैंड के विदेश मंत्री सिहासक फुंगकेटकेओ ने सोशल मीडिया पर बताया कि उन्होंने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बातचीत की है और संघर्षविराम बहाल करने के प्रति थाईलैंड की प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि थाईलैंड सोमवार की बैठक में हिस्सा लेगा।
वहीं, कंबोडिया के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि विदेश मंत्री प्राक सोखोन भी इस बैठक में शामिल होने की योजना बना रहे हैं और कंबोडिया शांतिपूर्ण बातचीत और कूटनीति के जरिए विवाद सुलझाने के पक्ष में है।
हालिया हिंसा में भारी नुकसान
संघर्ष का ताजा दौर 8 दिसंबर को शुरू हुआ, जब सीमा पर हुई झड़प में दो थाई सैनिक घायल हो गए। इसके बाद कई इलाकों में लड़ाई फैल गई। थाईलैंड ने एफ-16 लड़ाकू विमानों से कंबोडिया में हवाई हमले किए, जबकि कंबोडिया ने ट्रकों पर लगे लॉन्चरों से मध्यम दूरी की बीएम-21 रॉकेट दागे। इन रॉकेट सिस्टम से एक साथ 40 रॉकेट दागे जा सकते हैं।
अधिकारियों के अनुसार, बीते एक सप्ताह में सीमा के दोनों ओर दो दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि पांच लाख से ज्यादा लोग अपने घरों से विस्थापित हो गए हैं।